NEEMUCH
नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच ग्वालटोली स्थित सिटी फोर लाइन रोड पर दक्षिणमुखी एवं चमत्कारिक श्री विराट विराय मारुति नंदन बालाजी मंदिर में 20वां श्री हनुमान जन्मोत्सव दो दिवसीय कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। मंदिर समिति द्वारा भक्तों के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव के तहत आज गुरुवार को विभिन्न धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे। मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा दक्षिणमुखी बालाजी महाराज का रजत जड़ित मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा। समिति के संरक्षक नंदलाल बानिये, अध्यक्ष सोहन हलवाई एवं सचिव एडवोकेट मनोज प्रजापति ने बताया कि प्रातः 5:30 बजे श्रीराम धुन के साथ प्रभातफेरी निकाली जाएगी। इसके बाद मंगला आरती संपन्न होगी। सुबह 9 बजे से हवन का आयोजन शुरू होगा, जिसकी पूर्णाहुति 11:30 बजे की जाएगी। इसके पश्चात भगवान को भोग अर्पित कर दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारा (प्रसादी वितरण) प्रारंभ होगा, जो देर शाम तक जारी रहेगा। सायं 5 बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ, 8 बजे महाआरती तथा इसके बाद 56 भोग अर्पण कर अंतिम प्रसादी वितरण किया जाएगा। मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी श्रवण शर्मा ‘राज’ ने यह जानकारी दी। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
