NEEMUCH

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को श्री दिगंबर जैन मांगलिक भवन में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले के वरिष्ठ नेता, पार्टी पदाधिकारी एवं अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष  वंदना खंडेलवाल, जिला प्रभारी एवं पूर्व सांसद सुभाष पटेल, विधायकगण दिलीप सिंह परिहार, ओमप्रकाश सकलेचा, माधव मारू, पिछड़ा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महेंद्र भटनागर, हेमंत हरित, नगर पालिका अध्यक्ष  स्वाति चौपड़ा सहित कई पदाधिकारी मंचासीन रहे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास द्वारा किया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष  वंदना खंडेलवाल ने बताया कि 6 अप्रैल को भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर नवीन जिला कार्यालय का भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य वरिष्ठ नेता वर्चुअली जुड़ेंगे। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जिला प्रभारी सुभाष पटेल ने बताया कि 7 से 12 अप्रैल तक स्वच्छता अभियान, गांव चलो अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मान एवं सक्रिय सदस्य सम्मेलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही 6 अप्रैल को सभी कार्यकर्ता अपने घरों एवं कार्यालयों पर पार्टी ध्वज फहराएंगे। बैठक को तीनों विधायकों ने भी संबोधित किया।