10 वर्षीय विभूति की हनुमान चित्रकला ने जीता दिल, समाजसेवी अशोक अरोरा ने माथे से लगाकर किया सम्मान | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज | नीमच की 10 वर्षीय बालिका विभूति शर्मा की कला, संस्कार और धार्मिक भावना ने सभी का दिल जीत लिया। विभूति द्वारा बनाई गई भगवान श्री हनुमानजी की सुंदर चित्रकला को वरिष्ठ समाजसेवी अशोक अरोरा ने अपने माथे से लगाकर सम्मानित किया और उसकी प्रतिभा की सराहना की। जानकारी के अनुसार विभूति शर्मा अपने साथियों के साथ खेलने निकली थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात समाजसेवी अशोक अरोरा से हुई। विभूति ने उन्हें रुकने का आग्रह किया और कुछ देर बाद अपने हाथों से बनाई भगवान श्री हनुमानजी की आकर्षक पेंटिंग भेंट की।

चित्र पर अंकित "जय श्री राम" शब्द उसकी धार्मिक आस्था और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण को दर्शाते हैं। पांचवीं कक्षा में अध्ययनरत विभूति अधिवक्ता दर्शन शर्मा एवं कल्याणी शर्मा की पुत्री हैं तथा श्री किलेश्वर महादेव मंदिर के अध्यक्ष और वरिष्ठ पहलवान राजेन्द्र शर्मा की पौत्री हैं। अशोक अरोरा ने कहा कि यह केवल एक चित्र नहीं, बल्कि एक बालिका के हृदय से निकली भक्ति, संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने विभूति के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसकी कला प्रतिभा को प्रेरणादायक बताया।

Top