नीमच टुडे न्यूज़ | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 140 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जनसुनवाई में जयप्रकाश नगर जीरन निवासी दिव्यांग पूनमचंद के आवेदन पर कलेक्टर ने रेडक्रास से 10 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता स्वीकृत की। वहीं ग्राम केरी निवासी बालिका पूजा और उसके तीन भाइयों को फॉस्टर केयर योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। ग्राम गिरदौड़ा की रामप्यारी बाई की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर तहसीलदार को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कांकरिया तलाई निवासी दिव्यांग बल्लुराम बंजारा को स्वरोजगार योजना का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए। जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे कई लोगों ने अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।