रात्रि चौपाल में उठी पेयजल समस्या का समाधान, शिवपुरिया मंदिर तक पहुंची पाइपलाइन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज | नीमच ग्राम टामोटी में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा उठाई गई पेयजल समस्या पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम शिवपुरिया मंदिर क्षेत्र तक पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर जल निगम द्वारा पाइपलाइन का निर्माण कराया गया और अब उसका प्रेशर टेस्ट एवं जल गुणवत्ता परीक्षण शुरू कर दिया गया है। जल निगम के महाप्रबंधक धीरेंद्र बिजोरिया ने बताया कि चौपाल में ग्रामीणों ने शिवपुरिया मंदिर क्षेत्र में पेयजल संकट की जानकारी दी थी, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल समाधान के निर्देश दिए थे। परीक्षण सफल होने के बाद क्षेत्र के लोगों को नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। जिला प्रशासन का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराया जा रहा है।

Top