नीमच टुडे न्यूज़। कांग्रेस के जाँबांज कार्यकर्ताओं हमें अगर भाजपा से आर-पार की लड़ाई लड़नी है तो हमें हमारे संगठन को और अधिक मजबूत बनाना पडेगा। वर्ष 2025 हमारी परीक्षा का वर्ष है कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चहुँमुखी लड़ाई लड़नी है। पहली हमारे घर के अंदर जो विकार है उन्हें साफ करना है। दूसरी जाँबांज और नई ऊर्जावान फौज तैयार करना है। तीसरी नौजवान और महिलाओं को कांग्रेस से जोड़ना है। चौथी हमारी सारी विंगे मसलन एन.एस.यू.आई. युवक कांग्रेस, सेवादल, महिला कांग्रेस में नवीन ऊर्जावान नेतृत्व को आगे लाकर उन्हें देशसेवा के कार्यों में लगाना है।
उक्त विचार कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधीजी ने कांग्रेस के नवनिर्मित इन्दिरा भवन में देश के 6 राज्यों मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान, छत्तसीगढ़, बम्बई और दिल्ली के जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। सर्वप्रथम इन्दिरा भवन में कांग्रेस के महासचिव वेणुगोपाल ने प्रशिक्षण की प्रारम्भिक रूपरेखा प्रस्तुत की। तत्पश्चात् एस.राव. ने वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने कांग्रेस की प्रवक्ता और प्रखर वक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोश्यल इन्जियरिंग के बारे में कार्यकर्ताओं से विस्तृत चर्चा की। कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भाजपा की फेंक न्यूज और महान नेताओं पर कीचड़ उछालने वाली प्रवृत्ति को किस तरह निस्तेज किया जाए पर विश्लेषणात्मक विवरण प्रस्तुत किया। विजय इन्दर सिंह सिंगला ने भारत में कांग्रेस की सम्पत्तियों और उसके रख-रखाव में आने वाली परेशानियों को दूर करने के उपाय बताये।
नीमच जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया को भी मंच पर बोलने का मौका मिला। उन्होंने टिकिट वितरण में होने वाली नाइंसाफी को बेबाक तरीके से बताया और कहा कि टिकिट वितरण का फैसला संगठन के मार्फत हो, इस पर प्रकाश डाला। जिलाध्यक्षों के साथ राहुल का प्रश्नोत्तर काल बहुत देर रात तक चला। अंत में प्रशिक्षण शिविर को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खड़गे ने संबोधित किया। आभार राष्ट्रीय महामंत्री भूपेश बघेल ने माना।