नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के टैगोर मार्ग स्थित संदीप ज्वैलरी पर आज उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब बंजारा समाज के कई लोग अपने गिरवी रखे सोने-चांदी के आभूषण और रकम लेने पहुंचे। आरोप है कि चांदी के भाव बढ़ने के बाद दुकान संचालक आभूषण लौटाने से इनकार कर रहा है। रमकु बाई, निवासी रानीखेड़ा तहसील छोटी सादड़ी ने बताया कि उन्होंने करीब 10 वर्ष पूर्व संदीप ज्वैलरी पर 1 किलो पाट की चांदी, 1 तोला (10 ग्राम) सोना और 1 किलो पैर के कड़े गिरवी रखे थे। बीते एक माह से वे लगातार दुकान के चक्कर काट रही हैं, लेकिन न तो आभूषण लौटाए गए और न ही रकम दी गई। इसी तरह मीरा बाई, निवासी ग्राम अंकली सरवानिया महाराज ने बताया कि उन्होंने करीब 5 वर्ष पहले 2 किलो पाट की चांदी, 2 किलो चांदी का कड़ा और 4 तोला (40 ग्राम) सोना गिरवी रखा था। पीड़ितों का आरोप है कि पिछले 15 दिनों से टालमटोल की जा रही है और अब साफ तौर पर मना किया जा रहा है।पीड़ितों का कहना है कि चांदी के भाव में भारी बढ़ोतरी के बाद दुकानदार ने आभूषण लौटाने से इनकार करना शुरू कर दिया। वहीं दुकान संचालक का कहना है कि वह इन लोगों को नहीं जानता और उनका उनसे कोई लेन-देन नहीं है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदार सहित संबंधित लोगों को कैंट थाना ले जाया गया। फिलहाल दुकान पर ताला लगा दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।