जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर में 16 शिकायतों का संतोषजनक निराकरण | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन, उज्जैन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिले में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन किया गया। इसी क्रम में 3 फरवरी 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर आयोजित हुआ। शिविर के साथ सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर का भी आयोजन किया गया।शिविर के दौरान आवेदकों द्वारा अपनी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें पुलिस अधीक्षक जायसवाल के समक्ष प्रस्तुत की गईं।

एसपी द्वारा शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों के माध्यम से त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के निर्देश दिए गए। शिविर में सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 16 शिकायतों का संतोषपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया।जनसुनवाई में लगभग 56 फरियादी उपस्थित हुए, जिनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। पुलिस अधीक्षक जायसवाल ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई एवं सामाजिक मुद्दों से जुड़े प्रकरणों पर विशेष ध्यान दिया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

Top