नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मंगलवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित कर 90 आवेदकों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीएम बी.एस. कलेश, जिला पंचायत सीईओ अमन वैश्णव, डिप्टी कलेक्टर पराग जैन, चंद्रसिंह धार्वे एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने बंगला नंबर 32, वार्ड 26 के दिव्यांग शांतिबाई को नि:शुल्क ट्राईसिकल प्रदान की।
शांतिबाई ने खुशी-खुशी इसे प्राप्त कर घर लौट गई। वहीं, अठाना की नानीबाई के गंभीर बीमारी के नि:शुल्क उपचार हेतु कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद को एमवाय इंदौर से समन्वय कर उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जनसुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों के कई आवेदकों ने आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें राजपुरिया, दारू, जुना भदाना, कंजार्डा, रेवली देवली, जुना मालाहेडा, लसुड़ी, मनासा, सिंगोली, श्रीपुरा, बरूखेडा, भरभड़िया, जावद, रेतपुरा, हनुमंतिया, कुचदौड़, लेवड़ा, जीरन, दामोदरपुरा, बरलाई, अठाना, भाटखेडी और पिपलोन के लोग शामिल थे। कलेक्टर ने सभी आवेदन शीघ्र निपटाने और लाभार्थियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।