नीमच से सांवरिया सेठ दरबार तक 90 किमी पैदल यात्रा 4 फरवरी को, तैयारियां पूरी | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच आस्था और श्रद्धा का महापर्व एक बार फिर जीवंत होने जा रहा है, जब श्री सांवरिया सेठ दरबार मंडफिया तक वार्षिक पैदल यात्रा 4 फरवरी को सुबह 8:30 बजे लायंस पार्क चौराहा नीमच से प्रारंभ होगी। करीब 90 किलोमीटर की यह यात्रा श्रद्धालुओं की भक्ति और अनुशासन का प्रतीक होगी। स्थानीय किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में यात्रा की तैयारियों की जानकारी दी गई। समिति के सदस्यों एडवोकेट मनीष जोशी, हरीश दुआ, गोपाल गर्ग, महेंद्र मोनू लोक्स और राजेंद्र गर्ग ने बताया कि प्रत्येक 2 किलोमीटर पर जलपान की व्यवस्था की गई है।

थकान या अस्वस्थता महसूस करने वाले श्रद्धालुओं के लिए मार्ग में अतिरिक्त वाहन और मेडिकल टीम भी तैनात होगी। सांवरिया भक्त मंडल के अरुल अरोरा ने बताया कि पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, जयकारे और धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। 3 फरवरी को लायंस पार्क चौराहा पर शाम 7:30 बजे भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रख्यात भजन गायक छोटू सिंह रावणा प्रस्तुति देंगे। पदयात्रा का रात्रि विश्राम राजस्थान के निंबाहेड़ा कृषि उपज मंडी परिसर में होगा, जहां श्रद्धालुओं के भोजन और ठहरने की पूरी व्यवस्था की गई है। 5 फरवरी को यात्रा अलसुबह पुनः शुरू होकर दोपहर तक मंडफिया धाम पहुंचेगी, जहां विशाल भंडारे का आयोजन होगा।

Top