कलेक्टर की अध्यक्षता में नीमच में हुई पशु कल्याण बैठक, निराश्रित पशुओं के लिए बड़े फैसले और सुविधाओं की मिली मंजूरी | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला पशु कल्याण समिति एवं जिला पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  नवलसिंह सिसोदिया, उप संचालक पशुपालन डॉ. राजेश पाटीदार, सीएमओ  दुर्गा बामनिया एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिला पशु चिकित्सा पोली क्लिनिक नीमच में छोटे पशुओं के उपचार एवं शेड निर्माण के लिए 1.42 लाख रुपए, बड़े पशुओं के लिए कास्टिंग यार्ड निर्माण हेतु 35 हजार और शेड एवं फर्श सुदृढ़ीकरण के लिए 15 हजार रुपए, कुल 1.92 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई। पशु उपचार उपकरणों हेतु 3.30 लाख रुपए की राशि भी स्वीकृत की गई। इसके अलावा बड़े पशुओं की मायनर सर्जरी शुल्क 20 से बढ़ाकर 50 रुपए, पोस्टमार्टम शुल्क 150 रुपए, छोटे पशुओं का बधियाकरण 20 और बड़े पशुओं का 30 रुपए तय किया गया। जिला पशु क्रूरता निवारण समिति ने निराश्रित पशुओं की देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। गोवंश के विस्थापन और गौशालाओं में व्यवस्थाओं के साथ-साथ निजी गौशालाओं से पशु लेने पर शुल्क बढ़ाकर 2500 रुपए प्रति पशु करने का निर्णय लिया गया। मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि 1 फरवरी से 3 मई तक 593 निराश्रित श्वानों की नसबंदी और 90 श्वानों का एंटीरेबीज टीकाकरण किया गया। कलेक्टर ने श्वानों के टीकाकरण और शेल्टर होम में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Top