नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के जलेश्वर महादेव क्षेत्र में वन विभाग द्वारा जन-सहयोग से जल संरचनाओं की सफाई एवं मरम्मत का कार्य किया गया। यह अभियान वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य गर्मी में वन्यजीवों और ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत दिलाना है। वन परिक्षेत्र नीमच की बीट जीरन द्वितीय में ग्राम वन समितियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर तालाब, तलाई, स्टॉप डैम और डबरा-डबरी की व्यापक सफाई की। इस दौरान श्रमदान कर जल स्रोतों का संरक्षण एवं मरम्मत कार्य किया गया। वनमंडला अधिकारी एस.के. अटोदे ने बताया कि इस पहल से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और वर्षा जल संचयन में सुधार होगा। इससे भू-जल स्तर बढ़ेगा और वन्यजीवों को पानी की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा। कार्यक्रम में डीएफओ, रेंजर, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई।
