मंदसौर में विश्व हिंदू परिषद सम्मेलन, समाज जागरण पर जोर | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने मंदसौर में आयोजित अर्चक-पुरोहित सम्मेलन में संबोधित करते हुए कहा कि देश में “जिहादी मानसिकता” का बीजारोपण करने की कोशिशें हो रही हैं, लेकिन संत समाज ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि हाल के कुछ घटनाक्रमों ने यह संकेत दिया है कि आतंकवाद को लेकर गंभीर चिंतन की आवश्यकता है। उनके अनुसार, यह केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि वैचारिक स्तर पर भी चुनौती है, जिसका सामाजिक और कानूनी रूप से मुकाबला जरूरी है।

आलोक कुमार ने कहा कि विहिप का कार्य संतों और मंदिरों से संपर्क बनाए रखना है, जबकि समाज को जागृत करने की जिम्मेदारी संत समाज की है। उन्होंने सामाजिक समरसता, एकता और धर्म-संस्कृति के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि सभी मत-पंथों का लक्ष्य राष्ट्रहित होना चाहिए। उन्होंने धर्मांतरण, जनसंख्या असंतुलन और मंदिरों के प्रबंधन जैसे मुद्दों पर भी चिंता जताई तथा संत समाज से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सम्मेलन में प्रदेश व विभाग स्तर के पदाधिकारी, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में अर्चक-पुरोहित उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद सहभोज और विभागीय बैठक भी आयोजित की गई।

Top