नीमच में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत 4 अमृत सरोवरों का कार्य पूर्ण | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में अमृत सरोवरों के निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण किए जा रहे हैं। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव द्वारा प्रतिदिन इन कार्यों की समीक्षा की जा रही है। जिले में कुल 18 अमृत सरोवर कार्य प्रगतिरत हैं, जिनमें से 17 कार्य मनरेगा के अंतर्गत संचालित हैं। अब तक 4 सरोवरों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। इन सरोवरों की न्यूनतम जल भराव क्षमता 12,000 घन मीटर से अधिक है।

परियोजना अधिकारी सुशील दौराया ने बताया कि ग्राम पंचायत बारवाड़िया (जनपद मनासा) में 24 लाख रुपये की लागत से 18,000 घन मीटर क्षमता वाला अमृत सरोवर तैयार किया गया है। इससे भू-जल स्तर सुधार, जैव विविधता संरक्षण और पशु-पक्षियों के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी। आगामी समय में ये सरोवर मत्स्य पालन और सिंघाड़ा उत्पादन जैसी आजीविका गतिविधियों में भी सहायक सिद्ध होंगे। इस अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को नई दिशा मिल रही है।

Top