नीमच में जल गंगा अभियान की समीक्षा, 400 जल स्रोतों के गहरीकरण के निर्देश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में जल संरक्षण और संवर्धन को जनआंदोलन बनाने के लिए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सभी स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में “जल चौपाल” आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। वे सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा बैठक ले रहे थे। कलेक्टर ने कहा कि जल चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक कर जनसहभागिता से कार्य प्रारंभ कराए जाएं। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के तहत चिन्हित 400 जल स्रोतों का गहरीकरण कार्य शीघ्र शुरू किया जाए। साथ ही जावद, मनासा और नीमच जनपदों में निर्धारित जल संरक्षण कार्य 15 जून तक पूर्ण कर प्रमाण पत्र जारी किए जाएं। कलेक्टर ने अमृत सरोवर और लोक सरोवर निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। इसके अलावा स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, औद्योगिक क्षेत्रों और सड़कों के किनारे व्यापक पौधारोपण की तैयारी के निर्देश भी दिए गए।

Top