नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच इनरव्हील क्लब एवं गोमाबाई नेत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को जिला अंधत्व निवारण समिति के सहयोग एवं प्रशासनिक अनुमति से विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों मरीज पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की आंखों की गहन जांच कर नजर, मोतियाबिंद, काला मोतिया (ग्लूकोमा), नासूर एवं रेटिना संबंधी बीमारियों का निःशुल्क परीक्षण किया। जांच के दौरान मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित मरीजों के आगामी दिनों में गोमाबाई नेत्रालय में लेंस प्रत्यारोपण सहित पूर्णतः निःशुल्क ऑपरेशन किए जाएंगे। मरीजों को आवश्यक दवाइयों एवं चश्मों का भी वितरण किया गया। शिविर संयोजक मुकेश मेहता ने बताया कि गंभीर नेत्र रोगों के मरीजों को उपचार हेतु मार्गदर्शन एवं विशेष छूट प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। आभार प्रदर्शन अलका चड्ढा ने किया।