नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच। जिला पंचायत सीईओ एवं भारतीय रेडक्रास सोसायटी के प्रशासक अमन वैष्णव ने बुधवार को रेडक्रास नशामुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित व्यवस्थाओं और अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। सीईओ वैष्णव ने केंद्र में उपचाररत नशा पीड़ित व्यक्तियों से बातचीत कर उनकी स्थिति जानी और उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों को साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र में आवश्यक सुविधाएं जैसे कंप्यूटर, रैक, अलमारी उपलब्ध कराने, भवन की पुताई कराने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने हेतु सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त करवाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान डिप्टी एवं सहायक प्रशासक पराग जैन, नि:शक्तजन कल्याण विभाग के विनीत दुबे सहित नशामुक्ति केंद्र का स्टाफ उपस्थित रहा।