भादवामाता में चार करोड़ से अधिक के विकास कार्य होंगे, कलेक्टर ने किया निरीक्षण | @NeemuchToday
नीमच टुडे न्यूज | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शनिवार को जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भादवामाता पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रस्तावित विकास कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर और आस्था भवन क्षेत्र में 91 लाख रुपये की लागत से लैंडस्केपिंग, 2.20 करोड़ रुपये से व्यावसायिक दुकानों का निर्माण, 31 लाख रुपये की लागत से बस स्टैंड से मंदिर तक 500 मीटर विद्युतीकरण तथा 27 लाख रुपये से महिला सुविधा घर और स्नानागार निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पाथ-वे और नाला निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया तथा नाले को कवर करने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर परिसर, स्कूल, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।