नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर विश्व नेत्रदान दिवस के अवसर पर सुंदरलाल पटवा गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय मंदसौर एवं गोमाबाई नेत्रालय, नीमच के संयुक्त तत्वावधान में "नेत्रदान महादान" जन-जागरूकता रैली एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला चिकित्सालय मंदसौर परिसर से हुआ, जिसमें चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, नर्सिंग छात्र-छात्राओं और गोमाबाई नेत्रालय की टीम ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली जिला चिकित्सालय से गांधी चौराहा होते हुए पुनः अस्पताल परिसर पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने जागरूकता नारों के माध्यम से आमजन को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया। इसके बाद नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और मृत्यु उपरांत नेत्रदान से दो दृष्टिबाधित लोगों के जीवन में उजाला लाने का संदेश दिया गया। विशेषज्ञों ने नेत्रदान की प्रक्रिया एवं इसके महत्व की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से नेत्रदान का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को शीतल पेय वितरित किए गए।