नव नियुक्त पदाधिकारियों का हुआ सम्मान, मानवाधिकार संरक्षण के लिए मिलकर करेंगे कार्य | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा आरोग्य देवी आवरी माता मंदिर परिसर, चीताखेड़ा में गुरुवार को सार्वभौमिक मानवाधिकार परिषद की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिषद के संगठन विस्तार और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए नव नियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रतापगढ़ जिला अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा, छोटी सादड़ी तहसील अध्यक्ष शंकरलाल मीणा एवं प्रहलाद राय शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। परिषद के मीडिया प्रभारी दशरथ माली ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बैठक के दौरान नीमच जिला अध्यक्ष पद पर नियुक्त ज्योतिषाचार्य पंडित शिवशंकर शर्मा, छोटी सादड़ी तहसील के संरक्षक बाबूराव मराठा तथा तहसील सचिव किशनलाल सिंधी का बैच प्रदान कर एवं माल्यार्पण कर स्वागत-सम्मान किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने नव नियुक्त सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सार्वभौमिक मानवाधिकार परिषद का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार, शोषण और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाना तथा मानवाधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करना है। परिषद अपराधों की रोकथाम, आमजन की समस्याओं के समाधान और जनहित के मुद्दों को राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी। इसी उद्देश्य से संगठन के विस्तार के तहत नए पदाधिकारियों और सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

Top