VIDEO NEWS:- सुखानंद धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं का सफर बना हादसा, ऑटो अनियंत्रित होकर 12 फीट गहरी खाई में गिरा..... | @NemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ |  रविवार को सुखानंद धाम मंदिर के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं का सफर अचानक एक दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गया। श्रद्धालुओं से भरा एक ऑटो रविवार को सुखानंद मार्ग पर अनियंत्रित होकर करीब 12 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की पहचान मनोहर सिंह मनोज (40), कमला बाई (60), लक्ष्मी (59), गीता बाई (29), उदय सिंह (50), प्रदीप (17) और दाननी बाई (80) के रूप में हुई है। सभी श्रद्धालु सुखानंद धाम मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे, जब यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो अचानक अपना संतुलन खो बैठा और सड़क से फिसलकर नीचे जा गिरा। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस कर्मियों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां सभी का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों को सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की बदहाल सड़क व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां न केवल सड़क संकरी है, बल्कि किनारे पर कोई सुरक्षा दीवार या रेलिंग भी नहीं बनी है, जिससे इस तरह के हादसों का हमेशा खतरा बना रहता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर जल्द से जल्द सड़क चौड़ी की जाए और खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा दीवारें बनाई जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
 

Top