नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा–रंभावली पहुंच मार्ग का करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा निर्माण कार्य फिर ठप पड़ गया है, जिससे ग्रामीणों और किसानों में आक्रोश है। आरोप है कि अधूरे निर्माण और घटिया सामग्री के कारण सड़क से गुजरने वाले वाहनों की धूल आसपास की फसलों पर जम रही है, जिससे उनकी ग्रोथ रुक गई है और उत्पादन प्रभावित हो रहा है। पिछले 8–9 महीनों से उड़ती धूल ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर अवैध मुर्रम खनन और अधिकारियों से सांठगांठ के आरोप भी लगाए हैं। बताया गया कि खनन की जांच के लिए सैंपल सेंट्रल लैब भेजे गए थे, लेकिन रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं हुई। आगामी 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्रि मेले को लेकर भी चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इसी मार्ग से आवरी माताजी मंदिर तक हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। पीडब्ल्यूडी की एसडीओ नेहा राठौर ने कहा कि ठेकेदार पारिवारिक कारणों से बाहर है, कार्य जल्द पुनः शुरू होगा।