महाशिवरात्रि पर शिवालयों में गूंजेंगे ‘बम-बम भोले’ के जयघोष, आज होगा शिव-उमा मिलन पर्व | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा शिव और उमा के पावन मिलन का पर्व महाशिवरात्रि रविवार को पूरे अंचल में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र के सभी शिवालय “बम-बम भोले”, “ॐ नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान रहेंगे। अल सुबह से ही भक्तों की भीड़ मंदिरों में उमड़ने लगेगी और देर रात तक अभिषेक, हवन, पूजन तथा भजन-कीर्तन के आयोजन होंगे। श्रद्धालु बिल्वपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प, श्रीफल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। कराड़िया महाराज और रामनगर के बीच झील में स्थित 11-12वीं शताब्दी के प्राचीन भूतेश्वर महादेव मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। वहीं चीताखेड़ा–दलपतपुरा मार्ग स्थित सुरम्य वादियों में विराजमान रामझर महादेव मंदिर में भी अभिषेक और हवन का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा गंगेश्वर महादेव, नीलकंठ महादेव, सिद्धेश्वर महादेव, श्री महाकाल मंदिर और कछुआ महादेव सहित अन्य शिवालयों में भी भक्तों की भीड़ रहेगी। सभी मंदिरों में आकर्षक विद्युत सजावट की जा रही है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में रंग जाएगा।

Top