नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर पुलिस और फूड सेफ्टी टीम ने शुक्रवार-शनिवार की रात अभिनंदन नगर में नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी। जांच में पता चला कि आरोपी सोयाबीन तेल और केमिकल के जरिए घी को देसी घी जैसी खुशबू दे रहे थे। मौके से घी, शहद, गैस सिलेंडर, बर्तन, मोबाइल और मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। आरोपी नानू, बंशी और करण बागरी हैं, जो आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी ग्रामीण इलाकों में 500 से 1000 रुपए प्रति किलो की दर से नकली घी बेचते थे। फूड सेफ्टी टीम ने सैंपल लैब जांच के लिए भेजे हैं। बीते 14 दिनों में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, इससे पहले 31 जनवरी को 150 लीटर नकली घी जब्त किया गया था।