सुदामा ने गरीबी स्वीकार की, स्वाभिमान नहीं छोड़ा – पंकज कृष्ण महाराज | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच धनेरिया रोड बघाना स्थित यादेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान गंगा के अंतिम दिवस कथा मर्मज्ञ पंडित पंकज कृष्ण महाराज ने कृष्ण-सुदामा मित्रता का भावपूर्ण प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि सुदामा ने जीवनभर दरिद्रता सही, लेकिन स्वाभिमान नहीं छोड़ा और कभी श्रीकृष्ण से सहायता नहीं मांगी। सच्ची मित्रता में अमीरी-गरीबी की दीवार नहीं होती। महाराज ने बताया कि सुदामा ने मित्र के दुखों को अपना दुख माना, तब भगवान श्रीकृष्ण ने भी उन्हें दोनों लोकों की खुशियां प्रदान कीं। कृष्ण-सुदामा मिलन का प्रसंग सुनकर श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। कथा के समापन पर हवन-पूजन, आरती और प्रसाद वितरण हुआ। आयोजन समिति ने व्यासपीठ पर विराजित महाराज व कलाकारों का शाल-श्रीफल से सम्मान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।  रीना अहीर ने बताया कि अधिक मास में 16 मई को अहीर मोहल्ला बघाना में पुनः कथा आयोजन होगा।

Top