नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच उदय विहार कॉलोनी स्थित चमत्कारी भोलेश्वर महादेव मंदिर में चार दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। आयोजन के तहत शुक्रवार को भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह पूर्व हल्दी की रस्म संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भाग लिया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान को हल्दी अर्पित की गई और भजनों के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। शनिवार को मेहंदी की रस्में आयोजित की गईं। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मेहंदी अर्पित की और विवाह उत्सव की तैयारियों में भागीदारी निभाई। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। आज रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर दोपहर 1 बजे भोलेश्वर महादेव जी का विवाह उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर शिवलिंग सहित संपूर्ण शिव परिवार का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। शाम को भव्य महाआरती, महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन तथा प्रसाद वितरण का आयोजन रहेगा। 13 से 15 फरवरी तक प्रतिदिन सायंकाल विशेष श्रृंगार और आरती की जा रही है, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर है। महोत्सव का समापन 16 फरवरी, सोमवार को दोपहर 1 बजे ‘रस बधाई’ कार्यक्रम के साथ होगा। चार दिवसीय इस आयोजन ने उदय विहार में धार्मिक उत्साह का संचार कर दिया है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।