संकल्प से समाधान अभियान: रेडक्रास नीमच में आज दिव्यांगता प्रमाण पत्र शिविर, लाडली बहना योजना की 33वीं किस्त जारी | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच  प्रदेश में संचालित “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत रेडक्रास परिसर नीमच में 16 फरवरी को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक दिव्यांगता प्रमाण पत्र शिविर आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, जनजातीय कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आयुष तथा लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग संयुक्त रूप से भाग लेंगे।

शिविर में दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें तत्काल प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। उप संचालक सामाजिक न्याय पराग जैन ने अपील की है कि जिन दिव्यांगजनों का अभी तक प्रमाण पत्र नहीं बना है, वे शिविर में पहुंचकर लाभ लें। इधर, मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत 33वीं किस्त की राशि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा खंडवा जिले के पंधाना से अंतरित की गई। नीमच जिले की 1,55,772 लाडली बहनों के खातों में 22.81 करोड़ रुपए जमा हुए। जिले के सभी 6 परियोजना कार्यालयों और 1112 आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया।

Top