नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक मैराथन अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। एसपी ने आगामी महाशिवरात्रि, रमजान और होली पर्व को देखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। शिवरात्रि के दौरान मंदिरों, चल समारोहों और मेलों में पर्याप्त पुलिस बल, सीसीटीवी एवं पीए सिस्टम लगाने के निर्देश दिए गए। रमजान और होली के मद्देनजर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में फिक्स पिकेट लगाने को कहा गया। महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता बरतते हुए समय-सीमा में निराकरण करने, लंबित अपराध, मर्ग और चालान शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए। मादक पदार्थ तस्करी, जुआ-सट्टा, अवैध शराब, गौवंश तस्करी और आदतन अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। एनडीपीएस एक्ट में पारदर्शिता तथा वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।