नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा अमृत 2.0 योजना अंतर्गत बघाना क्षेत्र में 14 करोड़ 69 लाख रुपए की लागत से सीवरेज परियोजना का भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अहीर व्यायामशाला के बाहर आयोजित समारोह में ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा से अतिथियों का स्वागत किया गया। अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, भारत माता व सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सांसद गुप्ता ने कहा कि सीवरेज योजना से क्षेत्र स्वच्छ व सुंदर बनेगा और प्रदूषण पर नियंत्रण होगा। विधायक परिहार ने बघाना को विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ता क्षेत्र बताया। नपाध्यक्ष चोपड़ा ने बताया कि परियोजना में सीवरेज लाइन व वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जाएगा।