नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच अग्रवाल समाज नीमच द्वारा शिवरात्रि के उपलक्ष्य में बाल संस्कार पाठशाला के विद्यार्थियों के लिए विशेष धार्मिक एवं शैक्षिक आयोजन किया गया। रविवार सुबह 9 बजे गांधी वाटिका स्थित अनंत मंगल बालाजी मंदिर में बच्चों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान महादेव का जल एवं दूध से अभिषेक कर हवन-यज्ञ में भाग लिया। आरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सुरक्षित यातायात, पर्यावरण संरक्षण एवं सनातन संस्कृति से जुड़ा शैक्षिक भ्रमण भी कराया गया, जिसमें 35 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
गांधी वाटिका में भारत के नक्शे का अवलोकन करते हुए बच्चों को नीमच के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों की जानकारी दी गई। विभिन्न मंदिरों, स्मारकों एवं पुरातात्विक धरोहरों के महत्व को भी विस्तार से समझाया गया। उल्लेखनीय है कि अग्रवाल समाज पिछले तीन वर्षों से बाल संस्कार पाठशाला संचालित कर रहा है। वर्तमान में प्रत्येक रविवार को ज्ञान मंदिर विधि महाविद्यालय स्थित कस्तूरबा बाल मंदिर भवन में कक्षाएं लगती हैं। कार्यक्रम के अंत में पुलवामा आतंकी हमले की सातवीं बरसी पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।