नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच में सेवा, संस्कार और समर्पण के उद्देश्य को लेकर भारत विकास परिषद की सुभाष शाखा का वार्षिक दायित्व ग्रहण समारोह मणिरत्नम रिसॉर्ट में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह रहे, जबकि गुरुदेव मनोज कश्यप की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक स्वर दिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नपा अध्यक्ष स्वाती चोपड़ा और समाजसेवी संतोष चोपड़ा मौजूद रहे। अतिथियों ने माँ भारती और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रांतीय सचिव विनोद काला ने नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई, जिसमें अध्यक्ष मनीष गर्ग, सचिव प्रमोद मालू सहित टीम ने दायित्व संभाला। अतिथियों ने सेवा कार्यों की सराहना करते हुए समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।