नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के नयागांव स्थित (CCI) सीमेंट प्लांट का गगनचुंबी प्री-हीटर टावर नियंत्रित ब्लास्ट के जरिए जमींदोज कर दिया गया। चंद सेकंड के धमाके में विशालकाय संरचना धूल और मलबे में तब्दील हो गई। 537 हेक्टेयर में फैला यह प्लांट 30 जून 1997 से बंद पड़ा था और अब डिस्मेंटल प्रक्रिया के तहत इसका अस्तित्व पूरी तरह खत्म किया जा रहा है। 1982 में 1200 टीपीडी क्षमता से शुरू हुआ यह प्लांट कभी क्षेत्र का प्रमुख औद्योगिक केंद्र था, जहां हजारों लोगों को रोजगार मिलता था। लेकिन आर्थिक संकट और बिजली कनेक्शन कटने के बाद इसका संचालन ठप हो गया। अब प्लांट के स्क्रैप और जमीन को बेचने की प्रक्रिया जारी है। टावर का गिरना न सिर्फ एक इमारत का अंत है, बल्कि नीमच के औद्योगिक दौर के एक पूरे युग के समाप्त होने का प्रतीक भी है।