स्वच्छ वार्ड रैंकिंग में वार्ड 31 आगे, महिलाओं ने रंगोली और वेस्ट टू वंडर से दिया स्वच्छता संदेश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच में स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप देने की दिशा में नगर पालिका परिषद द्वारा “स्वच्छ वार्ड रैंकिंग स्पर्धा” के तहत वार्ड क्रमांक 31 में प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन मुख्यमंत्री शहरी स्वच्छता महा संकल्प अभियान के अंतर्गत 10 से 16 अप्रैल 2026 तक चल रही गतिविधियों की श्रृंखला का हिस्सा रहा। बुधवार को आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा की उपस्थिति में टीआईटी कॉलोनी और राजस्व कॉलोनी की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। भूतेश्वर मंदिर परिसर में महिलाओं ने स्वच्छता विषय पर आकर्षक रंगोली बनाई और “वेस्ट टू वंडर” आर्ट के माध्यम से कचरे के पुन: उपयोग का संदेश दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और कचरा प्रबंधन के सही तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान नपा अध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा ने उन महिलाओं का सम्मान किया, जो नियमित रूप से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग कर कचरा वाहन में डालती हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता में जनभागीदारी ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में यूनिक वेस्ट मैनेजमेंट एंड कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड की टीम सहित बड़ी संख्या में वार्ड की महिलाएं उपस्थित रहीं।

 

 

Top