नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा घोषित 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में चीताखेड़ा की छात्रा प्रतिष्ठा चौरड़िया ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जीरन के ज्ञानसरोवर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत प्रतिष्ठा ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 95.80 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे नगर में द्वितीय स्थान प्राप्त किया और नया कीर्तिमान स्थापित किया। प्रतिष्ठा, नरेश चौरड़िया की पुत्री हैं और उन्होंने सभी विषयों में विशेष योग्यता हासिल की है। विद्यालय के 51 विद्यार्थियों में से 47 प्रथम श्रेणी और 3 द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, जिससे स्कूल का परिणाम भी उत्कृष्ट रहा। प्रतिष्ठा की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षक उनके निवास चीताखेड़ा पहुंचे, जहां फूलमाला पहनाकर और मुंह मीठा कर उनका सम्मान किया गया। इस दौरान परिजनों और शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।