आरबीएसके योजना से बदली जिंदगी, वंशिका और यश के तिरछे पैर हुए पूरी तरह ठीक | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत जन्मजात विकृतियों से ग्रसित बच्चों को नया जीवन मिल रहा है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत गांव-गांव सर्वे कर ऐसे बच्चों की पहचान की जा रही है। इसी कड़ी में नीमच ब्लॉक के चंगेरा निवासी एक वर्षीय वंशिका चंद्रावत और ग्राम गिरदौड़ा के 6 माह के यश गायरी में जन्म से क्लब फुट (तिरछे पैर) की समस्या पाई गई। आरबीएसके टीम की सलाह पर परिजन बच्चों को जिला चिकित्सालय नीमच लाए, जहां डीईआईसी केंद्र में हर गुरुवार को लगने वाले क्लब फुट क्लिनिक में उनका नियमित उपचार किया गया। लगातार इलाज और परिजनों के सहयोग से अब दोनों बच्चों के पैर पूरी तरह सीधे हो चुके हैं। बच्चों को करेक्टिव शूज भी निःशुल्क प्रदान किए गए। परिजनों ने बताया कि पूरे इलाज में कोई खर्च नहीं हुआ और उनके बच्चे अब सामान्य रूप से चलने-फिरने में सक्षम हो रहे हैं। परिजनों ने शासन-प्रशासन का आभार जताते हुए इस योजना को जरूरतमंदों के लिए वरदान बताया।

Top