नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच पूर्व विधायक डॉ. सम्पत स्वरूप जाजू ने नीमच–रामगंजमंडी नई रेल लाइन को प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान में शामिल किए जाने की संभावना जताई है। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों द्वारा समन्वित और लगातार प्रयास किए जाएं, तो यह परियोजना स्वीकृति पा सकती है। यह रेल लाइन मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी और नीमच को सीधे भोपाल से जोड़ने में अहम भूमिका निभा सकती है। जाजू ने बताया कि इससे व्यापार, उद्योग और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही माल परिवहन की लागत और समय में कमी आएगी। यात्री सुविधाओं में भी सुधार होगा और लोगों को अधिक रेल विकल्प मिलेंगे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में इंदौर–मुंबई रेल लाइन को गति शक्ति योजना में स्वीकृति मिली है। इसी तरह नीमच–रामगंजमंडी रेल लाइन भी क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।