नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में डिजिटल जनगणना प्रक्रिया को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी हिमांशु चंद्रा ने स्वयं स्व-गणना पोर्टल पर अपना जनगणना फॉर्म भरकर एक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे भी घर बैठे https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर कुछ ही मिनटों में अपना एवं परिवार का डेटा दर्ज करें, जिससे जनगणना प्रक्रिया अधिक तेज और सटीक हो सके। कलेक्टर ने बताया कि स्व-गणना करने वाले परिवारों के यहां प्रगणक केवल सत्यापन के लिए ही पहुंचेंगे। उन्होंने सभी शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से इस डिजिटल प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की। इसी क्रम में अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी बी.एस. कलेश ने भी अपना जनगणना फॉर्म ऑनलाइन भरकर नागरिकों को प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला जनगणना प्रभारी संदीप धोरे और अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी पराग जैन भी उपस्थित रहे।
इधर, जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नीलकंठ महादेव बोरखेड़ी नदी घाट पर स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जन अभियान परिषद विकासखंड नीमच द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 45 श्रमदानियों ने दो घंटे तक श्रमदान कर घाट की साफ-सफाई की। इसके बाद जल चौपाल लगाकर जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों और स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला प्रशासन ने कहा कि डिजिटल सेवाओं और जनभागीदारी के माध्यम से विकास कार्यों को गति दी जा रही है और आने वाले समय में ऐसे प्रयास और तेज किए जाएंगे।