नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिला शिक्षा केंद्र और शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कक्षा 5वीं से 12वीं तक के परीक्षा परिणामों पर नाराजगी जताते हुए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों के परिणाम अपेक्षाकृत कमजोर हैं, वहां के संस्था प्रमुखों और विषय शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले में कक्षा 1 से 12वीं तक कोई भी पात्र विद्यार्थी स्कूल में प्रवेश से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए सभी स्कूलों में प्रवेश की मैपिंग कर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पाठ्यपुस्तक वितरण की समीक्षा करते हुए तीनों विकासखंडों के 10-10 स्कूलों में सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही जिला शिक्षा केंद्र और शिक्षा कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यक्षमता का आंकलन करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित रूप से स्कूलों का निरीक्षण कर शिक्षण गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, डीईओ सुजानमल मांगरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।