नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम जेतपुरा पालसोड़ा में शादी समारोह के बिंदौली कार्यक्रम के दौरान दो सगे भाइयों पर तलवार और पत्थरों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 20 अप्रैल की रात शिव मंदिर के पास कुछ लोगों ने विशाल नायक और उसके भाई नरेंद्र नायक को घेरकर बेरहमी से मारपीट की, जिसमें दोनों के पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं और उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। गुरुवार को नायक रघुवंशी समाज ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर डीएसपी निकिता सिंह को ज्ञापन सौंपा। समाजजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले में हल्की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर केवल तीन लोगों को नामजद किया है, जबकि कई लोग शामिल थे। पीड़ित परिवार ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई, गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है।