नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच भीषण गर्मी के बीच बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझाने और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नशा मुक्ति का संदेश देने हेतु इनरव्हील क्लब, नीमच द्वारा शुक्रवार सायंकाल सीआरपीएफ रोड स्थित इनरव्हील प्याऊ पर एक बहुआयामी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्लब अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने बताया कि कार्यक्रम के तहत आमजन को मिट्टी के सकोरों का निःशुल्क वितरण किया गया, ताकि लोग अपने घरों और आंगन में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था कर सकें। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे नियमित रूप से अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर “इनरव्हील प्याऊ” पर स्थापित वाटर कूलर के बिजली बिल का प्रायोजन डॉ. रेखा प्रधान एवं श्रीमती मधु खंडेलवाल द्वारा किया गया, जिससे सामाजिक सहयोग की मिसाल देखने को मिली। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कपड़े की थैलियों का भी वितरण किया गया, जिससे लोगों को प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नशा मुक्ति जनजागरूकता रैली रही, जिसमें युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवन अपनाने की प्रेरणा दी गई। इस अवसर पर क्लब की अनेक पदाधिकारी एवं सदस्याएं उपस्थित रहीं और कार्यक्रम को सफल बनाया।