नीमच टुडे न्यूज़ | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अमन वैष्णव सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर ने ‘अडॉप्ट एन आंगनवाड़ी’ अभियान के तहत जनसहयोग से सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए तथा सैम, मैम एवं अति कम वजन वाले बच्चों का वास्तविक चिन्हांकन सुनिश्चित हो।
कलेक्टर ने हॉट स्पॉट आंगनवाड़ी केंद्रों पर विशेष ध्यान देने, शेष बच्चों का पंजीयन पूर्ण करने तथा पोषण सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे का वजन परीक्षण शेष नहीं रहना चाहिए। इसके साथ ही आभा आईडी, अपार आईडी एवं एफआरएस के सभी कार्य 30 अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की ग्रेडिंग के आधार पर कमजोर कार्यकर्ताओं का नियमित प्रशिक्षण कराने और लापरवाही पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्रों में बच्चों की नियमित भर्ती सुनिश्चित करने तथा मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना में शत-प्रतिशत छात्रवृत्ति वितरण के निर्देश भी दिए। बैठक में विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।