नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, सीएमएचओ डॉ. दिनेश प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र पाटिल सहित सभी सेक्टर मेडिकल ऑफिसर एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे। कलेक्टर चंद्रा ने निर्देश दिए कि जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में सेवाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जाएं तथा केवल आवश्यक होने पर ही मरीजों को उच्च संस्थानों के लिए रेफर किया जाए। उन्होंने उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की नियमित स्क्रीनिंग और समय पर उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न पैरामीटर्स पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सेक्टर सुपरवाइजर एवं मेडिकल ऑफिसरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने कहा कि सभी स्वास्थ्य कर्मी निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार बेहतर प्रदर्शन करें। उन्होंने आयुष्मान कार्ड निर्माण, टीबी स्क्रीनिंग, टीकाकरण, परिवार कल्याण एवं अंधत्व निवारण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर गति बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही आरबीएसके टीम के कार्यों की सराहना की। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि हितग्राहियों को दी जा रही सभी स्वास्थ्य सेवाओं का रिकॉर्ड पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।