नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मालवा की पावन धरा पर रविवार, 26 अप्रैल को जैन समाज के लिए एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब श्रमण संघ युवाचार्य महेन्द्रऋषि जी म.सा. एवं खरतरगच्छाधिपति आचार्य जिनमणिप्रभसुरि जी म.सा. का मंगल मिलन बघाना के शक्ति नगर स्थित नवनिर्मित जिनालय में हुआ। इस अवसर पर दोनों संतों ने आत्मीयता के साथ एक-दूसरे का अभिवादन कर कुशलक्षेम जानी। मिलन के दौरान दोनों संतों के बीच गहन धार्मिक चर्चाएं हुईं, जिन्हें सुनकर उपस्थित श्रावक-श्राविकाएं भावविभोर हो उठे। संतों का यह मिलन समाज में एकता, समरसता और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक माना जा रहा है। युवाचार्य महेन्द्रऋषि जी ने जिनालय परिसर में उवसग्गहर स्त्रोत का सामूहिक जाप कराया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके पश्चात मंगलपाठ के माध्यम से उन्होंने सभी को आशीर्वाद प्रदान किया। इस आयोजन ने नीमच में धार्मिक उल्लास का माहौल बना दिया।