नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच आगामी नीट परीक्षा को लेकर तैयारियों की समीक्षा सोमवार को मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुपम राजन ने भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। बैठक में सभी जिलों को परीक्षा के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन हेतु आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसीएस राजन ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए शीतल पेयजल, पंखे, प्रकाश व्यवस्था एवं ओआरएस की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही आपातकालीन चिकित्सा सुविधा न्यूनतम समय में उपलब्ध रहे, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला अधिकारियों द्वारा गरिमा के साथ किए जाने, परीक्षार्थियों के मोबाइल व अन्य सामग्री रखने की अलग व्यवस्था, पार्किंग एवं परिजनों के लिए छाया की सुविधा उपलब्ध कराने को भी कहा गया। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, वीडियोग्राफी और पावर बैकअप अनिवार्य रखने के निर्देश दिए गए। नीमच एनआईसी केंद्र पर आयोजित बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश, एएसपी एन.एस. सिसोदिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।