नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर चल रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले के ग्राम बोरदिया खुर्द में जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण सामने आया है। यहां ग्राम पंचायत और 9 प्रगतिशील किसानों ने मिलकर जल संरक्षण और मृदा संवर्धन की दिशा में सराहनीय पहल की है। ग्राम पंचायत द्वारा पूर्व में बनाए गए परकोलेशन टैंक में जमा उपजाऊ मिट्टी को किसानों ने अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से निकालकर खेतों में डालना शुरू किया। अब तक 180 ट्रॉली मिट्टी खेतों में पहुंचाई जा चुकी है, जबकि करीब 150 ट्रॉली और मिट्टी निकाली जानी है। इस प्रयास से परकोलेशन टैंक की जलग्रहण क्षमता लगभग 1000 घन मीटर बढ़ेगी, जिससे वर्षा जल संचयन में मदद मिलेगी। वहीं किसानों को उच्च गुणवत्ता की उपजाऊ मिट्टी बिना किसी सरकारी खर्च के प्राप्त हो रही है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने इसे जनसहयोग का उत्कृष्ट मॉडल बताते हुए पूरे जिले में लागू करने की बात कही। जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने भी सभी ग्राम पंचायतों को मानसून पूर्व जल संरचनाओं से मिट्टी निकालने के निर्देश दिए हैं।