नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिला स्तरीय कौशल विकास समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को निजी कंपनियों में अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। सीईओ वैष्णव ने सभी आईटीआई प्राचार्यों को निर्देश दिए कि पिछले दो वर्षों में पासआउट विद्यार्थियों से सतत संपर्क कर उनका प्लेसमेंट सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अल्ट्राटेक, अडानी सहित अन्य निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों से समन्वय बढ़ाने के भी निर्देश दिए। साथ ही इस सत्र में सभी ट्रेडों की सीटों पर पूर्ण प्रवेश सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत खिमला स्थित ग्रीनको प्रोजेक्ट में 130 रिक्तियों की जानकारी दी गई, जिसके लिए ऑनलाइन पंजीयन जारी है। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना, एनएसीएस और अन्य कौशल विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की। सीईओ ने ड्रॉपआउट बालिकाओं को प्रेरित कर आईटीआई में प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।