नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से श्रम विभाग के कार्यक्रम में प्रदेश के 27 हजार से अधिक श्रमिक परिवारों के खातों में 600 करोड़ रुपये की सहायता राशि सिंगल क्लिक के जरिए अंतरित की। इस पहल के तहत नीमच जिले के 86 श्रमिक परिवारों को 1.83 करोड़ रुपये की सहायता राशि का लाभ प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2018 में शुरू हुई संबल योजना के अंतर्गत अब तक 5.27 लाख श्रमिक परिवारों को 7720 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि सितंबर 2025 तक की लंबित राशि का भुगतान भी सिंगल क्लिक के माध्यम से किया गया है। कार्यक्रम में श्रमिकों के कल्याण हेतु श्रम स्टार रेटिंग योजना की जानकारी भी दी गई, जिसमें प्रदेश के 554 कारखानों ने पंजीयन कराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक ही विकसित मध्यप्रदेश के सारथी और प्रगति का आधार हैं। भोपाल में मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल सहित अधिकारी मौजूद रहे, जबकि नीमच एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और श्रमिकजन उपस्थित थे।