नीमच में जर्जर मूत्रालय पर बवाल, प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शहर में स्वच्छता और धार्मिक आस्था से जुड़ा एक मामला तूल पकड़ता जा रहा है। टैगोर मार्ग स्थित एक जर्जर सार्वजनिक मूत्रालय को लेकर स्थानीय लोगों और संगठनों में नाराजगी बढ़ती दिख रही है। इसी मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय हिंदू युवा वाहिनी की प्रदेश मंत्री एवं महिला जिला अध्यक्ष दिया गोयल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। शनिवार को बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर हिमांशु चंद्रा से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। ज्ञापन में बताया गया कि विद्युत कार्यालय क्रमांक 40 के पीछे स्थित यह मूत्रालय बेहद जर्जर स्थिति में है और आसपास गंदगी फैली रहती है। साथ ही यहां असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की शिकायतें भी सामने आई हैं। इस स्थान के सामने भगवान श्रीराम मंदिर और दिगंबर जैन समाज का धार्मिक स्थल होने से श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। दिया गोयल ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए मूत्रालय हटाने या उसका प्रवेश द्वार बदलने की मांग की। कलेक्टर ने मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है, वहीं नगर पालिका ने भी सफाई और सुधार कार्य शुरू करने की बात कही है।

Top