नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा की अध्यक्षता में उज्जैन संभाग की उपार्जन एवं पेयजल व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में संभागायुक्त आशीष सिंह सहित सभी जिलों के कलेक्टर और संबंधित अधिकारी शामिल हुए। बैठक में उपार्जन प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसानों का भुगतान समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के अनुरूप दिए गए। साथ ही सभी उपार्जन केंद्रों पर पेयजल और छांव जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। डॉ. राजौरा ने अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए। वहीं ग्रीष्मकाल को देखते हुए पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। जल की गुणवत्ता जांच, जलाशयों की सतत मॉनिटरिंग और तकनीकी कारणों से बंद नल-जल योजनाओं को तत्काल चालू करने के निर्देश दिए गए। जरूरत पड़ने पर निजी जलस्रोतों के अधिग्रहण की बात भी कही गई। बैठक में नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।