नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर शिवना शुद्धिकरण अभियान के 104वें दिन रविवार को श्रमदानियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नदी से भारी मात्रा में कचरा साफ किया। अभियान के दौरान नदी से करीब 3 ट्राली प्लास्टिक और अन्य गंदगी निकाली गई, साथ ही किनारों पर फैली कंटीली झाड़ियां और गाजर घास भी हटाई गई। इस अवसर पर विधायक विपिन जैन ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से शिवना नदी को पूर्णतः स्वच्छ बनाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग नदी को प्रदूषित करेंगे, वे पाप के भागी बनेंगे। उन्होंने शहरवासियों से रोज सुबह 7 से 9 बजे के बीच श्रमदान में शामिल होने का आह्वान किया। अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का मजबूत उदाहरण बनती जा रही है।